
मुख्यमंत्री ने की इको-फ्रेंडली विसर्जन और नशा-मुक्ति अभियान की अपील
रांची:राजधानी रांची में दुर्गा पूजा उत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मंगलवार को रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय (कांके रोड) में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा सपरिवार पूजा पंडालों के परिभ्रमण व महाआरती में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने इस स्नेहिल निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया।
मुलाकात के दौरान पूजा समितियों ने त्योहार की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन से मिल रहे सहयोग पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ समय रहते सभी समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे आयोजन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आ रही है।
इको-फ्रेंडली विसर्जन और नशा मुक्ति पर सीएम का जोर
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समितियों को आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार की परंपराओं को बनाए रखते हुए मूर्ति विसर्जन के लिए पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए, ताकि शहर के तालाबों और जलाशयों को प्रदूषण से बचाया जा सके। इसके लिए प्रशासन और समितियों को मिलकर कार्य योजना बनाने का सुझाव दिया गया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए एक सामाजिक पहल का आह्वान किया। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में ‘नशा मुक्ति जागरूकता’ से संबंधित होर्डिंग्स, बैनर लगाने और लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर युवाओं को जागरूक करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि सभी प्रमुख पंडालों में इस अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी।
सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं के कड़े निर्देश
बैठक में उपस्थित रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मुख्यमंत्री को प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए निर्बाध बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और सुगम यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर रांची जिला दुर्गा पूजा समिति से मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता, मयंक गिरी; रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति से अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा, समीर सिंह; तथा शांति समिति से जय सिंह यादव व बादल सिंह समेत कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।




