
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के दो कथित शूटर—मोहन यादव और अजीत मंडल—पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। घायल अवस्था में दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को छुपाए गए हथियार बरामद करने के लिए मरीन ड्राइव के जंगली इलाके में ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर एक पुलिस जवान की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर घायल होकर गिर पड़े।
मौके से दो पिस्टल बरामद, इलाके में अलर्ट
पुलिस टीम ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद की हैं। घटना के बाद एहतियातन पूरे मरीन ड्राइव और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 26 सितंबर को जमशेदपुर के बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह पूरी वारदात रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके बाद से पुलिस शूटरों की तलाश में जुटी हुई थी। मामले में आगे की कानूनी और फॉरेंसिक जांच जारी है।




