
भाजपा परसुडीह मंडलध्यक्ष सुमित शर्मा ने कृषि उत्पादन बाजार समिति सचिव के प्रति की आभार व्यक्त
जमशेदपुर: दुर्गा पूजा की आहट और खरीददारों की संभावित भीड़ के बीच अक्सर बदहाली का रोना रोने वाले परसुडीह बाजार में आखिरकार झाड़ू चल ही गई। कूड़े के ढेरों और गंदगी से पटे रहने वाले इस इलाके में शनिवार को अचानक नगर-व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई, तो स्थानीय लोग भी हैरान रह गए कि यह तंत्र की अपनी फुर्ती है या पर्दे के पीछे कोई सियासी हलचल।
सूत्रों की मानें तो यह सफाई अभियान महज कोई रूटीन प्रक्रिया नहीं, बल्कि हाल ही में बने सियासी दबाव का नतीजा है। दरअसल, बुनियादी सुविधाओं और गंदगी के मुद्दे पर भाजपा परसुडीह मंडल ने मोर्चा खोलते हुए बाजार समिति के अधिकारियों की टेबल तक शिकायतों का पुलिंदा पहुंचा दिया था। चेतावनी और मांग का असर कुछ यूं हुआ कि तंत्र ने तुरंत हरकत में आते हुए कर्मचारियों को मैदान में उतार दिया।
अब जब बाजार की सूरत बदलने लगी है, तो भाजपा खेमे में भी इसे अपनी सक्रियता की जीत के तौर पर देखा जा रहा है। परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने त्वरित कार्रवाई को ‘जनता के दबाव का असर’ बताते हुए बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद की तत्परता का सार्वजनिक तौर पर आभार जताया है।
सुमित कुमार शर्मा ने इसे जनता की समस्याओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता करार देते हुए संकेत दिया कि यह सिर्फ शुरुआत है। उनके मुताबिक, सड़क, स्ट्रीट लाइट और पानी-बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी नजर बनी हुई है और लापरवाही बरतने पर आगे भी आवाज उठाई जाएगी।
सफाई अभियान की शुरुआत के वक्त मौके पर मंडल महामंत्री विजय विश्वकर्मा, दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र यादव समेत सुभाष स्वर्णकार, कार्तिक वर्मन, तपन वैद्य, महेश प्रजापति, विनोद यादव और विक्की यादव की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि संगठन इस पूरे घटनाक्रम को हल्के में छोड़ने के मूड में नहीं है। दुर्गा पूजा से ठीक पहले इस सफाई ने जहां आम जनता को फौरी राहत दी है, वहीं क्षेत्र में क्रेडिट वॉर और प्रशासनिक जवाबदेही की नई बहस भी छेड़ दी है।





