
डीसी बोले- बाबा बंशीधर की नगरी में ऐसा आयोजन जिले के लिए गौरव की बात
विधायक ने कहा- बदलाव की ओर बढ़ रहा हमारा शहर
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। बाबा बंशीधर की नगरी श्री बंशीधर नगर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर पहली बार भव्य डांडिया-गरबा नृत्य महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। हिंदू सेना के तत्वावधान में नगर पंचायत क्षेत्र के अधौरा रोड स्थित सर्किट हाउस के बगल में आयोजित दो दिवसीय नवरास डांडिया-गरबा महोत्सव के पहले दिन बुधवार को उत्सव का माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट, मधुर संगीत और पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। डांडिया की धुन पर थिरकते प्रतिभागियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं के साथ परिवारों में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखा।

महोत्सव का शुभारंभ गढ़वा के डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव, एसडीओ प्रभाकर मिर्धा और नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी ने संयुक्त रूप से मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पित करके किया। इसके बाद अतिथियों ने एक-दूसरे के साथ डांडिया खेलकर कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया। मंच से लेकर आयोजन स्थल तक उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। महोत्सव में कोलकाता के डीजे ग्रुप और रांची के डीजे सोनिक ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, भुवनेश्वर से आईं एंकर तारा ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति और बेहतरीन अंदाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

डीजे की धुन पर पारंपरिक परिधानों में सजे युवक-युवतियों और महिलाओं ने डांडिया-गरबा नृत्य का जमकर आनंद लिया।डांडिया-गरबा महोत्सव में प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे कपड़ों और आकर्षक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। संगीत की लय पर डांडिया खेलते प्रतिभागियों ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय बना दिया। पहली बार इस तरह के बड़े आयोजन को देखकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों, युवाओं और परिवारों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
आयोजन के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रायोजक श्री बंशीधर ऑटो के संचालक मनीष कमलापुरी एवं वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट के राकेश विश्वकर्मा, श्री गणपति ज्वेलर्स के संचालक मनोज सोनी और गुलाब नर्सिंग कॉलेज के संचालक डॉ. संतोष कुमार की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि बाबा बंशीधर की नगरी में दुर्गापूजा के अवसर पर इतने भव्य स्तर पर डांडिया-गरबा महोत्सव का आयोजन होना जिले के लोगों के लिए गौरव की बात है। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों के बीच आपसी समन्वय और मेल-जोल बढ़ता है। प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनका मनोबल भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्वों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन समाज को जोड़ने का काम करता है। इस तरह के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को इस पहल के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि श्री बंशीधर नगर की धरती पर पहली बार इतने बड़े स्तर पर डांडिया-गरबा महोत्सव का आयोजन होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से हमारा शहर बदलाव की ओर बढ़ रहा है। ऐसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देते हैं और लोगों को एक साथ आने का अवसर प्रदान करते हैं। इस तरह के आयोजन शहर में सकारात्मक माहौल बनाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मौके पर शारदा महेश प्रताप देव,विहिप जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप देव, डॉ. निशीथ नीरव, डॉ. धर्मचंद लाल अग्रवाल, प्रतिष्ठित व्यवसाय वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, विधायक प्रतिनिधि कमलेश मेहता, हिंदू सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विनीत कुमार शरद,शैलेश अग्रवाल,दयानंद विश्वकर्मा, आनंद प्रकाश मिश्रा, दीप जायसवाल,अनिकेत विश्वकर्मा, बब्बी जायसवाल,शुभम सिंह,प्रियांशु कुमार,नीरज सिंह,प्रेम कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।







