
झारखंड वार्ता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्री बंशीधर नगर में पहली बार दो दिवसीय नवरास डांडिया-गरबा नृत्य महोत्सव एवं भक्ति जागरण का आयोजन किया जा रहा है। हिंदू सेना के तत्वावधान में नगर पंचायत क्षेत्र के अधौरा रोड स्थित सर्किट हाउस के समीप बुधवार और गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी अविनाश राज ने मंगलवार की शाम कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

पहले दिन डांडिया-गरबा नाइट, दूसरे दिन भक्ति जागरण
हिंदू सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विनीत कुमार शरद और सचिव दयानंद विश्वकर्मा ने बताया कि गढ़वा जिले में पहली बार इस तरह के डांडिया-गरबा महोत्सव का आयोजन श्री बंशीधर नगर में किया जा रहा है। दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन बुधवार को डांडिया एवं गरबा नाइट का आयोजन होगा। इसमें कोलकाता के डीजे ग्रुप, रांची के डीजे सोनिक और भुवनेश्वर की एंकर तारा आकर्षण का केंद्र होंगे। संगीत और नृत्य के साथ प्रतिभागियों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को देश की प्रसिद्ध लोक गायिकाएं करीना पांडेय और शोभिता पांडेय भक्ति जागरण प्रस्तुत करेंगी। इस दौरान भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार नवरात्र के दौरान धार्मिक आस्था के साथ भारतीय लोक संस्कृति को बढ़ावा देना महोत्सव का उद्देश्य है। डांडिया-गरबा नृत्य और भक्ति जागरण के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ भक्ति से जुड़ने का अवसर मिलेगा। समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।




