
जमशेदपुर। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर में वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन, झारखंड एवं थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में एमबीबीएस छात्रों के नए बैच के लिए रक्तदान एवं थैलेसीमिया जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 250 मेडिकल छात्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन, झारखंड के संस्थापक सुनील मुखर्जी एवं थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के महासचिव नरेंद्र कुमार ने छात्रों को रक्तदान के महत्व तथा थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता संबंधी प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व, जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता तथा थैलेसीमिया के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता से अवगत कराया गया। मेडिकल छात्रों को यह संदेश दिया गया कि वे अपने चिकित्सा ज्ञान और सामाजिक दायित्व के माध्यम से रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा थैलेसीमिया की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर झारखंड के पूर्व सिविल सर्जन एवं वर्तमान में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के प्रशासक डॉ. महेश्वरी प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य भावी चिकित्सकों को रक्तदान एवं थैलेसीमिया जैसे महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य विषयों के प्रति संवेदनशील बनाना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।




