
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने पूर्वी सिंहभूम जिले में कांग्रेस संगठन को नगर एवं ग्रामीण दो अलग-अलग इकाइयों में गठित करने की स्वीकृति मिलने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रभारी के. राजू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा संगठन महामंत्री के.सी. वेणुगोपाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
परविंदर सिंह ने कहा कि जब से उन्हें पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तभी से वे महसूस कर रहे थे कि जिले में संगठन को नगर एवं ग्रामीण दो अलग-अलग स्तरों पर विभाजित कर व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाना चाहिए। इससे संगठनात्मक कार्यों को गति मिलेगी, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां स्पष्ट होंगी और कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को गांवों, पंचायतों, नगर निकायों तथा वार्डों तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले का भौगोलिक एवं राजनीतिक स्वरूप ऐसा है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की समस्याएं, आवश्यकताएं तथा संगठनात्मक चुनौतियां अलग-अलग हैं। ग्रामीण क्षेत्र में चार विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ऐसे में ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के गठन से पंचायत स्तर पर संगठन का विस्तार करने, स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जमीनी स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने के अवसर बढ़ेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में नए जननेताओं को उभरने का भी अवसर मिलेगा। चाकुलिया नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय निकायों में भी कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान की जा सकेगी।
वहीं, नगर क्षेत्र में आने वाले जमशेदपुर पूर्वी एवं जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। शहर से सटे जमशेदपुर ग्रामीण प्रखण्ड के 55 पंचायत, नगर कांग्रेस कमेटी के माध्यम से शहरी मतदाताओं, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों से सीधे संवाद स्थापित किया जा सकेगा। मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में संगठन को मजबूत करने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जनहित में आवाज उठाने का काम प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
परविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने के लिए वे विगत कई महीनों से लगातार प्रयासरत थे। इस दिशा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं प्रदेश प्रभारी के. राजू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महामंत्री के.सी. वेणुगोपाल के सहयोगात्मक रुख के कारण कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) से पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी को नगर एवं ग्रामीण दो अलग-अलग इकाइयों में गठित करने की स्वीकृति प्राप्त हुई। इसी प्रकार धनबाद जिले में भी नगर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटियों का अलग-अलग स्वरूप देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल संगठनात्मक पुनर्गठन नहीं, बल्कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार रहना होगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ग्रामीण जिले में संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयास से एक मजबूत संगठन तैयार करना है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित वोट चोरी, महंगाई, सरकारी उपक्रमों के विनिवेश एवं निजीकरण, बेरोजगारी और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाएगी। नगर क्षेत्र में पेयजल, बिजली, सड़क, साफ-सफाई, जलजमाव, नगर निकायों की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं और आम जनता से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों के विकास, स्थानीय बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और ग्रामीण जनता के अधिकारों से जुड़े विषयों पर प्रभावी पहल की जाएगी।
परविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि पूर्वी सिंहभूम ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर प्रदेश नेतृत्व द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसका पूर्ण सम्मान किया जाएगा। ग्रामीण कांग्रेस कमेटी को संगठनात्मक, वैचारिक एवं आवश्यक व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि नगर और ग्रामीण दोनों इकाइयां आपसी समन्वय के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य संगठन का विस्तार करने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को समझना, उनके समाधान के लिए संघर्ष करना और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
परविंदर सिंह ने कहा कि नगर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटियों के अलग-अलग गठन से संगठन को नई दिशा देने और स्थानीय स्तर पर नेतृत्व विकसित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस संगठन की मजबूती के साथ-साथ पूर्वी सिंहभूम जिले के समग्र विकास और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।




