
रांची। देश की प्रमुख एसयूवी निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने अपनी नई एसयूवी XUV 3XO ZNG लॉन्च की है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने इसे सीएनजी के कम परिचालन खर्च के साथ दमदार परफॉर्मेंस और प्रीमियम सुविधाएं चाहने वाले ग्राहकों के लिए पेश किया है।
इस एसयूवी में 1.2 लीटर का एमस्टैलियन टीसीएमपीएफआई टर्बोचार्ज्ड इंजन दिया गया है, जो सीएनजी और पेट्रोल दोनों मोड में 82 किलोवाट की पावर और 200 एनएम का टॉर्क देता है। कंपनी के मुताबिक, इसकी प्रमाणित ईंधन दक्षता 24.7 किलोमीटर प्रति किलोग्राम है। यह सीएनजी मोड में 4.9 सेकंड में शून्य से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें 10 बार के सीएनजी इंजेक्शन प्रेशर सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है।
एसयूवी में दो सीएनजी सिलिंडर निचले हिस्से में लगाए गए हैं, जिससे 270 लीटर का उपयोगी बूट स्पेस मिलता है। इसमें 26.03 सेंटीमीटर की दो स्क्रीन, स्काईरूफ, डॉल्बी एटमॉस ऑडियो सिस्टम, क्रूज कंट्रोल, पीछे एसी वेंट और 60:40 अनुपात में विभाजित होने वाली पिछली सीट दी गई है। सुरक्षा के लिए सभी वैरिएंट में छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी) और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट दिए गए हैं। सीएनजी रिसाव का पता लगाने वाली तकनीक भी इसमें शामिल है।
महिंद्रा के ऑटोमोटिव कारोबार के अध्यक्ष डॉ. वेलुसामी आर. ने कहा कि XUV 3XO ZNG को बेहतर ड्राइविंग अनुभव से समझौता किए बिना सीएनजी का कम परिचालन खर्च उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। उनके मुताबिक, दमदार टॉर्क, टर्बो परफॉर्मेंस और आधुनिक सुविधाओं का मेल सीएनजी एसयूवी सेगमेंट में ग्राहकों को नया विकल्प देगा।
एसयूवी चार वैरिएंट में उपलब्ध है। एमएक्स एज की कीमत 9.99 लाख रुपये, रेवएक्स एज (ओ) की 10.79 लाख रुपये, एएक्स5 की 11.19 लाख रुपये और रेवएक्स ए की 12.27 लाख रुपये है। टेस्ट ड्राइव 15 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि बुकिंग और डिलीवरी 20 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।




