oplus_0
गढ़वा में पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन स्थल तक तैयारियों का जायजा
आकाश लोहार
गढ़वा
मां दुर्गा के जयकारों से गूंजने वाला है गढ़वा,भक्ति के रंग में रंगने को तैयार हैं शहर की गलियां और आस्था के सैलाब के स्वागत में सज चुके हैं पूजा पंडाल,लेकिन इस उल्लास और उमंग के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा,शांति और सुविधा सुनिश्चित करना भी प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है,इसी जिम्मेदारी को निभाने के लिए गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है,दशहरा एवं दुर्गापूजा का पर्व शांतिपूर्ण,सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने शुक्रवार को गढ़वा शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का संयुक्त निरीक्षण किया,इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर भीड़ प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं तक की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर :- निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था,वॉलंटियर्स की तैनाती,अग्निशमन इंतजाम,बिजली की सुरक्षित व्यवस्था और साफ सफाई का जायजा लिया,अधिकारियों ने यह भी देखा कि श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं,महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग अलग आवागमन व्यवस्था,प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की भी जानकारी ली गई,प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर रहा कि मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और पूजा के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो।
व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं,सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता :- उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा पंडालों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया,उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरा एवं दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें,ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिले और पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो,उन्होंने सुरक्षा,स्वच्छता,बिजली और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया,पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश भी दिया गया।
रामबांध तालाब में प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा :- पूजा पंडालों के निरीक्षण के साथ उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन स्थल रामबांध तालाब की तैयारियों का भी जायजा लिया,उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को तालाब एवं उसके आसपास साफ सफाई सहित विसर्जन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने का निर्देश दिया,प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया सुरक्षित,व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके।
DC ने दी पर्व की शुभकामनाएं,भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील :- इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने समस्त गढ़वा वासियों को दशहरा एवं दुर्गापूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं,उन्होंने नागरिकों से आपसी प्रेम,भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की,उन्होंने संदेश दिया कि त्योहारों की असली खूबसूरती केवल उत्सव और उल्लास में नहीं,बल्कि आपसी एकता,सम्मान और सद्भाव में भी निहित है,संयुक्त निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा कुमार मयंक भूषण,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलू लोहार,अंचल अधिकारी,यातायात निरीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे,गढ़वा में मां दुर्गा की आराधना के बीच प्रशासन की यह सक्रियता श्रद्धालुओं की सुरक्षा,सुविधा और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने की तैयारियों को दर्शाती है,अब उम्मीद है कि आस्था,अनुशासन और आपसी भाईचारे के संग जिले में दशहरा एवं दुर्गापूजा का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न होगा।




