रांची:- माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने आज होटल रेडिसन ब्लू, रांची में हिन्दी दैनिक समाचार पत्र दैनिक जागरण द्वारा आयोजित ‘खेल रत्न सम्मान 2024’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है और मीडिया को लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ के रूप में जाना जाता है। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए तटस्थ और सतर्क मीडिया का होना आवश्यक है। मीडिया समाज का दर्पण है और लोकतंत्र में सजग प्रहरी का कार्य करता है। राज्यपाल महोदय ने कहा कि देश की आजादी के लड़ाई में समाचार पत्रों ने राष्ट्रीय चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज एक स्वस्थ लोकतांत्रिक समाज के निर्माण में मीडिया का दायित्व और भी बढ़ गया है।
माननीय राज्यपाल ने कहा कि झारखंड राज्य में समृद्ध खेल परंपरा निरंतर रही है। इसे ‘तीरंदाजी की भूमि’ और ‘ हॉकी की भूमि’ कहा जाता है। ओलंपिक में पहला गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय हॉकी टीम के कप्तान जयपाल सिंह मुंडा इसी धरती से थे। यहां के कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से वैश्विक स्तर पर ख्याति अर्जित कर देश का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण द्वारा खिलाड़ियों को सम्मानित करने से अन्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने खेल को बढ़ावा देने के लिए ‘खेलो इंडिया’ जैसे महत्वपूर्ण पहल की शुरूआत की है। उक्त अवसर पर राज्यपाल महोदय ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।