---Advertisement---

गढ़वा: बैंक से पैसा निकालने वालों को बनाते थे निशाना, पुलिस ने कोढ़ा गैंग के एक अपराधी को किया गिरफ्तार

On: August 24, 2024 3:48 PM
---Advertisement---

गढ़वा: पिछले कुछ महीनों से गढ़वा और इसके आसपास के थाना क्षेत्रों में बैंक से पैसा निकालने वाले नागरिकों की रेकी कर उनके बैग, मोटरसाइकिल की डिक्की से पैसा छिनतई/चोरी की घटनाएं हो रही थी। गढ़वा पुलिस को गैंग के एक सदस्य दीपक यादव को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है, वहीं 3 आरोपी अमित यादव, लखन यादव और आनंद यादव मौके से फरार हो गए। साथ ही दो मोटरसाइकिल, 23 हजार रूपए, एक मोबाइल, सीम और एक कलाई घड़ी बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि घटनाओं के उद्वेदन के लिए एक एसआईटी गठित की गई। टीम के द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों और बैंकों की सीसीटीवी की जांच पड़ताल कर संदिग्ध लोगों की पहचान की गई और उनकी फोटो गश्ती दल को उपलब्ध कराया गया। इसी क्रम में आज यानी शनिवार को सुबह 8:30 बजे गढ़वा थाना गश्ती दल के द्वारा रंका मोड़ के पास एक संदिग्ध की पहचान करते हुए उसे पकड़ा गया। पूछताछ के क्रम में उसने घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक यादव  के तौर पर हुई। आरोपी बिहार के कोढ़ा गांव का रहने वाला है।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में यह बात सामने आई कि गैंग के सदस्य अलग-अलग शहरों में जाकर बैंकों में रेकी कर अपने शिकार का पीछा कर उनके मोटरसाइकिल की डिक्की से और राह चलते लोगों से पैसे की चोरी/छिनतई कर लेते हैं। घटना को अंजाम देने के लिए गैंग के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिल और फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल का इस्तेमाल करते थे। गैंग के सदस्य शहर के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास किराए का कमरा लेकर महीना तक रुकते और घटना को अंजाम देने के बाद दूसरे शहर में चले जाते।

पुलिस ने बताया कि इस तरह की कई घटनाओं को इन लोगों ने गढ़वा के अलावा डाल्टनगंज, औरंगाबाद, देवघर, जामताड़ा, फतुहा, हाजीपुर, पटना, नालंदा, पूर्णिया आदि शहरों में अंजाम दिया है।

गिरफ्तार आरोपी उत्तरप्रदेश के मऊ जिले में चोरी, छिनतई और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली भी लगी थी। करीब छह महीने पहले यह जेल से बाहर निकला था और जेल से छूटने के बाद फिर से अपने सहयोगियों के साथ चोरी और छिनतई की घटनाओं में शामिल हो गया। आज भी गैंग के सदस्य घटना को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहे थे, तभी पुलिस ने इन्हें पहचान लिया और गैंग का एक सदस्य पकड़ा गया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now