झारखंड

बिश्रामपुर: बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण, कई दिनों से अंधेरे में डूबा है गांव

बिश्रामपुर (पलामू): गांववालों ने ब्रह्मदेव प्रसाद को अंधेरी शाम में बुलाया और अपनी फरियाद सुनायी. नया ट्रांसफार्मर लगाने के संबंध में जब स्थानीय उपभोक्ता बिश्रामपुर के विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी से मिले तो, उन्होंने बिजली विभाग को फोन करने के बजाय पैसे ले-देकर ट्रांसफार्मर लगवा लेने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया. श्री प्रसाद ने मौके पर पलामू सहायक विद्युत अभियंता को फोन लगाया और यहां की समस्या से उन्हें अवगत कराया. उन्होंने तत्काल ट्रांसफार्मर लगाने का उनसे आग्रह किया. इस पर एसडीओ ने कहा कि उपभोक्ता आवेदन लेकर आएं. हम वहां जाकर वस्तुस्थिति की जानकारी ले लेंगे. इसके बाद इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

इससे पूर्व स्थानीय लोगों ने श्री प्रसाद से कहा कि 20 दिन पूर्व कुछ लोग हरहेपा और कुछ लोग कोशियार गांव में स्थित ट्रांसफार्मर से बिजली ले रहे थे. अचानक यहां की बिजली काट दी गई. इसके बाद से ही हमलोग अंधेरे में हैं. बिजली के बिना सारे आवश्यक काम ठप पड़ गए हैं. मोबाइल चार्ज कराने लोग बिश्रामपुर जाते हैं. बच्चों की पढ़ाई-लिखाई बाधित है. लोगों ने ब्रह्मदेव प्रसाद से जल्द ट्रांसफार्मर लगवा देने की मांग की है. श्री प्रसाद ने ग्रामीणों से कहा कि पहले एसडीओ को स्थल जांच निरीक्षण करने दीजिए. इसके बाद भी अगर यहां ट्रांसफॉर्मर नहीं लगा तो, हमलोग बिजली विभाग का घेराव करेंगे, धरना-प्रदर्शन करेंगे.

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।