भवनाथपुर: बालू माफिया के आगे पुलिस बेबस! नदियों से दिनदहाड़े हो रहा अवैध खनन

On: October 23, 2024 7:00 PM

---Advertisement---
झारखंड वार्ता न्यूज
भवनाथपुर (गढ़वा): प्रशासनिक रोक के बाद भी भवनाथपुर प्रखंड अंतर्गत कैलान के सुरक्षित वन क्षेत्र के नदियों से बालू का अवैध खनन बेरोक टोक धड़ल्ले से जारी है। बालू माफिया कैलान के झोंक नदी, खडार नदी, चमईनी दाई सहित विभिन्न जगहों से बालू का अवैध खनन कर सरकार के लाखों रुपये राजस्व का चूना लगा रहे हैं। जबकि स्थानीय प्रशासन बेफ्रिक है। बालू के इस अवैध कारोबार पर वन विभाग एवं पुलिस से लेकर खनन विभाग के अधिकारी भी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे।
बताते चलें कि कैलान पंचायत स्थित नदियों का ज्यादातर इलाका सुरक्षित वन क्षेत्र में पड़ता है, जहां अमावडीह टोला के खडार नदी, चमईनी दाई के पोखरवा घाट नदी तथा झोंक टोला के दुहान नदी से प्रतिदिन बालू का अवैध खनन बालू माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से किया जा रहा। स्थानीय पुलिस तथा वन विभाग द्वारा भी बालू के अवैध खनन के प्रति गंभीरता नहीं दिखायी जा रही, जिसका नतीजा है, कि बेखौफ होकर बालू माफिया प्रशानिक रोक के बावजूद खुलेआम बालू का अवैध खनन कर रहे है। इस अवैध कारोबार में संलिप्त बालू माफिया इन क्षेत्रों के नदियों से अवैध तरीके से बालू के निकासी करते हुए ट्रैक्टरों से ढुलाई कर कैलान, सिंदुरिया, भवनाथपुर सहित अन्य जगहों पर संचालित सरकारी कार्यों में उच्चे दामों पर बालू बेच रहे हैं।
इस संबंध में पूछे जाने पर सीओ शंभू राम ने बताया कि मुझे अवैध तरीके से बालू खनन की जानकारी नहीं थी, अगर अंचल क्षेत्र के नदियों से बालू का अवैध खनन किया जा रहा है, तो इसकी जांच कर इसमें संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई किये जाने के साथ ही किसी भी कीमत पर बालू का अवैध खनन नहीं होने देंगे।