गढ़वा: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने आज क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मेराल प्रखण्ड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रखण्ड परिसर में उपस्थित किसानों के बीच मक्का बीज का वितरण कर लाभान्वित किया और कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मेराल प्रखण्ड परिसर स्थित सरकारी गोदाम का अवलोकन किया। उन्होंने गोदाम में भंडारण की स्थिति, साफ-सफाई एवं समुचित प्रबंधन को लेकर गहन समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए।
कृषि पाठशाला का निरीक्षण एवं कार्यों में गति लाने का निर्देश
उपायुक्त श्री यादव ने कृषि विभाग की प्रमुख पहल ‘कृषक पाठशाला’ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संचालक संस्था को सभी निर्माण एवं प्रशिक्षण संबंधी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक किसान इससे लाभान्वित हो सकें।
खुदरा उर्वरक विक्रेता दुकान का निरीक्षण, गुणवत्ता व वितरण व्यवस्था की जांच, निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नेनुआ मोड़ स्थित कृषि विकास भवन नामक खुदरा उर्वरक विक्रेता दुकान का अवलोकन किया। इस दौरान खाद-बीज की गुणवत्ता, स्टॉक पंजी, दर सूची एवं वितरण प्रक्रिया की जांच की गई। कृषि पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद को किसानों की सुविधा के लिए पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रगतिशील किसान के यहां योजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन
इसके उपरांत उपायुक्त श्री यादव ने प्रगतिशील किसान हरि प्रसाद के कृषि प्रक्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री कुसुम योजना, टपक सिंचाई सेट, सेड नेट हाउस जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के अन्य किसानों को भी इस तरह की योजनाओं का लाभ नियमानुसार दिया जाए।














