July 26, 2026

मनिका: बरामदे में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, परिवार में कोहराम

image_editor_output_image-560497894-1753107823335.jpg

अभय मांझी

लातेहार (मनिका): मनिका थाना क्षेत्र के जेरूआ गांव में रविवार की रात एक हृदयविदारक घटना में 25 वर्षीय युवक यशवंत सिंह की तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक अरुण सिंह का पुत्र था।

परिजनों के अनुसार, यशवंत रात में घर के बरामदे में सो रहा था। देर रात करीब दो बजे चार अज्ञात हमलावरों ने उस पर तेज धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने शोर मचाकर परिजनों को जगाया।

परिजन आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनिका लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे सदर अस्पताल लातेहार रेफर कर दिया गया। समय की कमी और हालत की नाजुकता को देखते हुए परिजन उसे तुम्बागाड़ा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मनिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed