बिहार

पटना एम्स की नर्स के 2 बच्चों को जिंदा जलाया, अपराधियों ने घर में घुसकर की वारदात

ख़बर को शेयर करें

पटना: पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एम्स की नर्स के दो बच्चे को घर में घुसकर जिंदा जला दिया। मृतकों की पहचान 14 साल की अंजलि कुमारी और 12 साल के अंशु के रूप में हुई है। घटना के वक्त घर में सिर्फ भाई-बहन थे। ये दोनों जानीपुर के रहने वाले शोभा और ललन कुमार गुप्ता के बच्चे थे। बच्चों की मां शोभा पटना एम्स में नर्स है और पिता चुनाव आयोग में कर्मचारी हैं। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसर गया है। स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम किया और आगजनी की घटनाएं भी हुईं।

जानीपुर थाना पुलिस, FSL और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस वारदात को किसने अंजाम दिया।

घटना जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवां गांव की है। पीड़ित परिवार का घर काफी सुनसान इलाके में स्थित है। घटना के वक्त घर में सिर्फ भाई-बहन थे। दोनों थोड़ी देर पहले ही स्कूल से लौटे थे। बेड पर जली लाशें मिली हैं। मृतकों के पिता ललन कुमार का कहना है कि दोनों बच्चों की पहले हत्या की गई है फिर उसके बाद घर को आग के हवाले किया गया है। राजधानी में हुई वीभत्स वारदात ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है। घटना ने एक बार फिर बिहार में बढ़ते अपराध और अपराधियों के बेखौफ होने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।