Jharkhand Weather: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राज्य के 12 जिलों- गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है।
शनिवार को झारखंड में सबसे अधिक वर्षा गोड्डा के पथरगामा (गोड्डा) में 170.2 मिमी दर्ज की गई, जो राज्य में अब तक की सबसे अधिक एक दिन की वर्षा है। अन्य स्थानों पर लातेहार में 54 मिमी, मेदिनीनगर में 10 मिमी, बोकारो में 3 मिमी और रांची में 1 मिमी वर्षा हुई। मालूम हो 1 जून से अब तक राज्य में 778.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य वर्षापात 526.3 मिमी है। पूर्वी सिंहभूम में 1186.4 मिमी और रांची में 991.8 मिमी वर्षा दर्ज की गयी है।