आतंकी हमले की आशंका: भारत के सभी एयरपोर्ट हाई अलर्ट पर, सुरक्षा एजेंसियों ने जारी की चेतावनी

On: August 6, 2025 8:20 AM

---Advertisement---
नई दिल्ली: केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने देश के सभी हवाई अड्डों पर 22 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 के बीच आतंकी खतरे की आशंका को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट्स के बाद नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने 4 अगस्त को यह अधिसूचना जारी की, जिसमें सभी एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप, हेलीपैड, फ्लाइंग स्कूल और ट्रेनिंग संस्थानों में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर आतंकी या असामाजिक तत्वों की संभावित गतिविधियों को देखते हुए देश के सभी एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा के लिए अधिकतम सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। टर्मिनल, पार्किंग, परिधि क्षेत्र जैसे संवेदनशील स्थानों पर गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। CCTV लगातार सक्रिय रहेंगे और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत जांच की जाएगी।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से एयरपोर्ट सिटीसाइड की सुरक्षा मजबूत की जाएगी। सभी कर्मचारियों, ठेकेदारों और आगंतुकों की पहचान की सख्ती से जांच की जाएगी। डोमेस्टिक व इंटरनेशनल कार्गो तथा मेल की कड़ी जांच के बाद ही क्लीयरेंस दी जाएगी। यात्रियों को भी संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया जाएगा और समय-समय पर सुरक्षा अभ्यास और घोषणाएं की जाएंगी।
BCAS ने सभी एयरपोर्ट डायरेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय पुलिस, CISF, IB और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाएं। संभावित हमले से निपटने के लिए एयरलाइन पैसेंजर सर्विस कमिटी की विशेष बैठकें बुलाने को कहा गया है। साथ ही, रीजनल डायरेक्टर्स को अपने क्षेत्र के सभी एयरपोर्ट्स पर तत्काल स्पेशल मीटिंग्स आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।