पाकुड़ में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग: चार परिवारों का सामान जलकर राख, एक बीमार, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले सबकुछ खत्म
![]()
पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर गांव में शनिवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गयी. घटना उस वक्त हुई जब घर में रहने वाले सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे. अचानक शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। किसी तरह परिवार के सभी सदस्य अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन घर में रखा कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बचा। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया. चार परिवारों को भारी नुकसान: यह घर पृथ्वी नगर निवासी अनारुल हक और उनके बेटे मकसद आलम, महमूद शेख और हक साहब का था, जिसमें चार परिवार एक साथ रहते थे. आग से प्रत्येक परिवार को करीब तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घर में रखी खाद्य सामग्री, कपड़े, बर्तन, आभूषण, नकदी, फर्नीचर, खाट, गोदरेज, किताबें, पंखा समेत सारी संपत्ति जलकर राख हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने का मौका भी नहीं मिला. घटना के बाद चारों परिवारों के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा, जिससे उनका जीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है. फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही सब कुछ नष्ट हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग ने पूरे घर और उसमें रखे सामान को पूरी तरह से नष्ट कर दिया था. इस दुखद हादसे के बाद युवा वकील हक साहब की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए पाकुड़ के सदर अस्पताल सोनाजोड़ी में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परिवार बेहद गरीब है. वह मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा करता है। ऐसे में इतने बड़े नुकसान के बाद उनके सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है.
Source link
