
बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। सोमवार देर रात चव्हाट गली स्थित एक घर में कथित तौर पर फ्रिज में हुए विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान भारती डामोने (50), शारदा डामोने (45), गंगा डामोने (25) और प्रिया डामोने (24) के रूप में हुई है। वहीं, गजानन डामोने (65) और रोशन डामोने (21) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, डामोने परिवार ने गणेश चतुर्थी को लेकर घर में गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। प्रतिमा को लाइटों से सजाया गया था। सोमवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग आमतौर पर फ्रिज के पास ही सोते थे।
रात करीब 2:15 बजे अचानक तेज धमाके की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे तो घर का शेड आग की लपटों से घिरा हुआ था। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गजानन और रोशन को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चार अन्य सदस्य आग की चपेट में आ चुके थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में शारदा डामोने, गजानन की पत्नी थीं, जबकि भारती उनकी बहन थीं। गंगा और प्रिया, गजानन और शारदा की बेटियां थीं। वहीं, रोशन उनका बेटा है। इस हादसे में एक ही परिवार की दो पीढ़ियों के चार सदस्यों की जान चली गई।
घटना में घर का शेड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शेड की दीवारें कंक्रीट की नहीं थीं और धमाके के कारण पूरा ढांचा बुरी तरह टूट गया। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा अधिकांश सामान और कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
बेलगावी पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में फ्रिज में विस्फोट होने की आशंका सामने आई है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस को आशंका है कि गणेश प्रतिमा की सजावट के लिए लगाई गई लाइटों में भी शॉर्ट सर्किट की संभावना हो सकती है। हालांकि, विस्फोट और आग की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।






