---Advertisement---

पलामू: मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए डैम में कूदा युवक, डूबने से मौत

On: March 22, 2026 12:49 PM
---Advertisement---

पलामू: झारखंड के पलामू जिले से ईद के दिन एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां मधुमक्खियों के हमले से बचने की कोशिश में एक युवक की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरिफ ईद की नमाज अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना इलाके में स्थित काशीसोत डैम घूमने गया था। वहां माहौल सामान्य था, लेकिन अचानक हालात तब बिगड़ गए जब डैम के पास मधुमक्खियों का एक झुंड लोगों पर टूट पड़ा।

मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान आरिफ घबरा गया और जान बचाने के प्रयास में डैम के गहरे पानी में कूद गया। दुर्भाग्यवश, वह तैर नहीं पाया और पानी में डूब गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और साथियों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। बाद में परिजन शव को घर ले गए। युवक की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now