
पलामू: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में बुधवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के पास हुई। मृतक की पहचान कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह के पुत्र ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह (32) के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने देर रात जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम रहने से देर रात से सुबह तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रशासन की पहल और कार्रवाई के आश्वासन के बाद सुबह करीब 7:30 बजे जाम समाप्त कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश सिंह अपनी स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी कर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और बेहद करीब से उसकी कनपटी में गोली मार दी। अचानक हुए हमले के बाद छोटू ने बचने की कोशिश की। उसने स्कॉर्पियो का गेट खोला और वहां से भागने लगा। बताया जा रहा है कि हमलावर ने उसका पीछा करते हुए दो और गोलियां चलाईं। गोली लगने से घायल छोटू मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक पर सवार हुआ और दंगवार की ओर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को स्थानीय लोगों और परिजनों ने हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है। वारदात से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हमलावर की पहचान करने के साथ हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी से जुड़े आठ मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक, वह कुछ महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। छोटू सिंह मूल रूप से कचरा गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ जपला के सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवशक्ति नगर में रह रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे संभावित निगरानी कैमरों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर हमलावर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हमलावर की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के पीछे की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।







