
शिवहर/पिपराही। पिपराही थाना क्षेत्र के अंबा उत्तरी वार्ड संख्या-4 में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार की देर रात प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे 20 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह प्रेमिका के घर से युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मृतक की पहचान अंबा उत्तरी गांव निवासी किसान भरत साह के पुत्र ललन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ललन पढ़ाई के साथ गांव में निजी बोरिंग भी चलाता था और चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
बोरिंग से निकलने के बाद पहुंचा प्रेमिका के घर
परिजनों के अनुसार, ललन बुधवार रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद गांव स्थित अपनी बोरिंग पर चला गया था। इसके बाद देर रात वह वहां से निकला। ग्रामीणों का कहना है कि उसका गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और युवती के परिजन इस रिश्ते के विरोध में थे।
आरोप है कि आधी रात के बाद ललन युवती से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।
सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप
गुरुवार की अलसुबह जब ललन का शव प्रेमिका के घर से मिलने की जानकारी सामने आई तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों के घर को घेर लिया और घर में आग लगाने तक की बात कहने लगे।
हालात बिगड़ते देख आरोपित पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पिपराही थाना पुलिस थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया।
छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एसपी शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर एफएसएल और डीआईयू की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने पांच लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता भरत साह और उसके भाइयों ने गांव के ही सुरेंद्र साह, बिगन साह, रामबाबू साह, पवन साह और चंदन कुमार पर ललन को बोरिंग से ले जाकर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि आरोपितों को मौके से भागने का अवसर दिया गया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।






