आदतन उल्लंघनकर्ता के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की तैयारी, सुबह-सुबह छापेमारी से मचा हड़कंप
गढ़वा: जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार सुबह विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बेलचंपा निवासी सुजीत उपाध्याय के एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू परिवहन करते हुए पकड़ा गया। प्रशासनिक टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही अन्य वाहन चालक मौके से फरार हो गए, जिसके कारण अन्य ट्रैक्टर पकड़ में नहीं आ सके।
जांच के दौरान पाया गया कि ट्रैक्टर पर मालिक की जगह चालक मौजूद था। इसके बाद प्रशासन ने चालक सहित ट्रैक्टर को जब्त कर गढ़वा थाना के सुपुर्द कर दिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को सूचित किया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार ट्रैक्टर मालिक सुजीत उपाध्याय के खिलाफ पहले भी अवैध खनन के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ पूर्व में निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। उनके वाहन पहले भी जब्त किए जा चुके हैं। प्रशासन की ओर से पुनरावृत्ति नहीं करने संबंधी बॉन्ड भरवाए जाने के बावजूद अवैध कारोबार जारी रहने की बात सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन अब संबंधित व्यक्ति को आदतन उल्लंघनकर्ता घोषित करते हुए बीएनएसएस की धारा 129 के तहत गिरफ्तारी वारंट की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
सदर एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। इससे न केवल अवैध कारोबार बढ़ता है, बल्कि विधि-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न होती है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, एसडीएम की कार्रवाई में ट्रैक्टर जब्त












