
मझिआंव: मझिआंव बाजार में अतिक्रमण के कारण बार-बार हो रहे सड़क जाम एवं संभावित दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार के निर्देश पर गुरुवार को मझिआंव बाजार पथ पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. नगर प्रबंधक जितेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई.
नगर प्रबंधक जितेश कुमार ने बताया कि मुख्य पथ के दोनों ओर नाली और सड़क पर दुकानदारों एवं ठेला व्यवसायियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है. साथ ही बाजार समिति परिसर में झोपड़ी में अवैध रूप से संचालित एक होटल को स्थानीय लोगों की शिकायत पर ध्वस्त कर दिया गया.
उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी दुकानदारों से आग्रह किया गया है कि वे नाली पर से अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें, ताकि नालियों एवं सीवर की सफाई का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके.
उन्होंने चेतावनी दी कि आग्रह के बाद भी जो दुकानदार पुनः अतिक्रमण करेंगे, उन पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा तथा जेसीबी मशीन लगाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.







