
जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के चर्चित आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहनवाज उर्फ भोंदु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि शाहनवाज उर्फ भोंदु बुधवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी मौजूदगी की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर के बाहर से उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बर्मामाइंस थाना लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि हत्याकांड की साजिश कैसे रची गई, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी और फरारी के दौरान आरोपी किन लोगों के संपर्क में था।
गौरतलब है कि रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप हुई फायरिंग में आफताब आलम गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जांच के दौरान शाहनवाज उर्फ भोंदु का नाम मुख्य आरोपियों में सामने आया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
सूत्रों का दावा है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस को मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। वहीं, गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस की ओर से पुष्टि होने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।




