---Advertisement---

पलामू: ओझा-गुणी का आरोप लगाकर पहले की मारपीट, फिर पति-पत्नी और बेटे को टांगी से काट डाला

On: February 1, 2026 11:54 AM
---Advertisement---

पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसडी गांव में अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात पति-पत्नी और उनके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।


मृतकों की पहचान विजय भुइयां, उसकी पत्नी हेमंती देवी और उनके बेटे छोटू कुमार के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की हत्या टांगी और चाकू से वार कर कर की गई है। वहीं इस वारदात में छोटू की पत्नी ममता कुमारी और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, गांव के ही रविंद्र भुइयां और प्रमोद भुइयां ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया गया कि दोनों आरोपियों के पिता की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता की मौत से आक्रोशित होकर दोनों भाइयों ने पड़ोसी विजय भुइयां के परिवार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। आरोप है कि उन्होंने विजय भुइयां और उनके परिवार पर ओझा-गुणी करने का आरोप लगाते हुए पहले मारपीट की फिर टांगी और चाकू से हमला किया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पिछले कई वर्षों से ओझा-गुणी को लेकर विवाद चला आ रहा था। इस विवाद को लेकर गांव में कई बार पंचायत और समझौते भी हुए थे। इसी अंधविश्वास के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


पांकी थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now