समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से पकड़ौआ विवाह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवा छात्र को कथित पहले नशीला पदार्थ देकर अगवा किया गया और जबरन शादी कराई गई। पीड़ित छात्र जब होश में आया, तो उसने खुद को एक कमरे में कैद पाया। इस शादी के परेशान कर देने वाले दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। यह घटना शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकरांजली गांव का बताया जा रहा है।
पीड़ित की पहचान कालेश्वर राय के 23 वर्षीय बेटे नीतीश कुमार के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार नीतीश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। वहां से निकलने के बाद वह अपने दो दोस्तों, राहुल और कुंदन के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने चला गया। आरोप है कि दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिला दी थी। नशा गहराते ही नीतीश को अगवा कर लिया गया और उसकी जबरन शादी करा दी गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी के दौरान नीतीश पूरी तरह सुध-बुध खो चुका था। वह बार-बार मंडप में गिर रहा था और उसका सिर झुक जा रहा था। वहां मौजूद लोग उसे पकड़कर जबरदस्ती रस्में पूरी करवा रहे थे। उसी बेहोशी की हालत में उससे लड़की की मांग भरवाई गई। इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है।
जब देर रात तक नीतीश वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन शुरू की गई। इसी बीच शादी के बाद नीतीश को करीब 24 घंटे तक एक बंद कमरे में रखा गया। इसी दौरान छात्र ने अपनी आपबीती का वीडियो बनाकर परिजनों को भेज दिया। परिजनों ने वीडियो देखते ही पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चकराजअली गांव में छापेमारी की और नीतीश को रेस्क्यू कर परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों का आरोप है कि लड़की के रिश्तेदारों ने बिना उसकी सहमति के दूल्हा पाने के लिए इस पकड़वा विवाह की साजिश रची। बताया जा रहा है कि छात्र पढ़ाई कर रहा था और उसका भविष्य उज्ज्वल माना जा रहा था, इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि अपहरण और जबरदस्ती के आरोप साबित होते हैं, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पकड़वा विवाह, जिसमें योग्य कुंवारे लड़कों का अपहरण कर जबरन शादी कराई जाती है, बिहार के कुछ इलाकों में लंबे समय से एक विवादास्पद प्रथा रही है। अदालतें ऐसे विवाहों को सहमति के अभाव में अमान्य कर चुकी हैं, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। फिलहाल छात्र अपने परिवार के पास लौट चुका है, लेकिन गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।














