समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा बाजार स्थित एक होटल में चल रहे देह व्यापार के गोरखधंधे का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मामला तब सामने आया जब एक 39 वर्षीय महिला के साथ अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से मुक्त होने के बाद पीड़िता सीधे महिला थाना पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई।
पीड़िता पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की रहने वाली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बेलसंडी गांव निवासी दिलीप कुमार ने महिला को बंगाल से रोसड़ा बुलाया था। यहां एक होटल में उससे देह व्यापार करवाया जा रहा था।
घटना के अनुसार, शुक्रवार शाम रोसड़ा के नुनु झा समेत अन्य आरोपियों ने महिला को जबरन एक काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठा लिया। इसके बाद उसे ‘शुभकामना पैलेस’ नामक विवाह भवन में ले जाया गया, जहां चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसे छोड़ दिया।
किसी तरह बचकर निकली महिला शनिवार को समस्तीपुर पहुंची और महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार (बेलसंडी, विभूतिपुर) और सुरेश गिरी (कोदरीरा) के रूप में हुई है। इनके अलावा नुनु झा, यशवंत कुमार समेत छह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी दिलीप कुमार दो वर्ष पूर्व भी देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है।
महिला थाना प्रभारी ने बताया, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पूछताछ में सामूहिक दुष्कर्म और देह व्यापार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देह व्यापार के लिए बंगाल से बिहार बुलाई गई महिला से गैंगरेप, 2 गिरफ्तार; 6 नामजद














