---Advertisement---

गैस की किल्लत के बीच 524 LPG सिलेंडर चोरी, हाईवे पर मिला खाली ट्रक; पुलिस जांच में जुटी

On: March 11, 2026 10:39 AM
---Advertisement---

झांसी: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच देश में एलपीजी की सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से सिलेंडर चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां 524 एलपीजी सिलेंडरों से भरा एक पूरा ट्रक चोरी हो गया। बाद में यह ट्रक हाईवे किनारे खाली हालत में मिला, जबकि उसमें लदे सभी सिलेंडर गायब थे।

जानकारी के अनुसार यह घटना 2 मार्च की बताई जा रही है। ट्रक भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के करारी प्लांट से सिलेंडरों की खेप लेकर कानपुर देहात के गजनेर इलाके में डिलीवरी के लिए रवाना हुआ था। ट्रक में कुल 524 एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।

बताया गया कि ट्रक चालक राजकुमार ने होली के त्योहार के कारण ट्रक को करारी स्थित प्लांट के बाहर खड़ा कर दिया और अपने घर चला गया। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर ट्रक को चोरी कर लिया और फरार हो गए।
बाद में कुछ समय बाद ट्रक झांसी के परीछा थर्मल पावर प्लांट के पास हाईवे किनारे खड़ा मिला, लेकिन उसमें लदे सभी सिलेंडर गायब थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने ट्रक में लगे जीपीएस डिवाइस को भी तोड़ दिया था, ताकि वाहन की लोकेशन ट्रैक न की जा सके।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रक मालिक ने सिपरी बाजार थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सुनियोजित तरीके से की गई चोरी प्रतीत होती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वहीं चोरी हुए सिलेंडरों की बरामदगी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now