
जमशेदपुर: डिमना में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के लिए चिन्हित 13 एकड़ जमीन पर कचरा डंपिंग का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को एनएच-33 स्थित वसुंधरा एस्टेट के समीप स्थानीय निवासियों ने कचरा डंपिंग के विरोध में जमकर धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन की अगुवाई पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु एवं नवनिर्मित ‘वसुंधरा एस्टेट विकास समिति’ ने की। प्रदर्शन में 100 से अधिक स्थानीय नागरिकों के साथ वार्ड पार्षद बप्पी दास भी शामिल हुए और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
जहरीले रिसाव से काला पड़ रहा पानी, गंभीर पर्यावरणीय संकट
धरने को संबोधित करते हुए सौरभ विष्णु ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “अदालत के आदेशों की अनदेखी कर कचरे को लैंडफिलिंग के नाम पर दबाया जा रहा है। इससे मीथेन जैसी विषैली गैसों और खतरनाक रसायनों का रिसाव शुरू हो चुका है, जिसके चलते आसपास का भूजल काला और दूषित हो रहा है। प्रशासन को पत्र, आरटीआई और एनजीटी (NGT) के माध्यम से लगातार अवगत कराने के बावजूद केवल लीपापोती की जा रही है।”
2 दिन में निष्पक्ष जांच नहीं तो एनएच-33 होगा जाम
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और मानगो नगर निगम को दो टूक चेतावनी दी कि दो दिनों के भीतर प्रस्तावित समिति की जांच यदि निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं हुई, तो स्थानीय जनता सौरभ विष्णु के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) को पूरी तरह जाम कर देगी।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन और मानगो नगर निगम से तत्काल प्रभाव से कचरे को हटाने और जमीन को कचरा-मुक्त करने की मांग की।
धरने में मुख्य रूप से पंकज तिवारी, बिनोद सिंह, डी.के. मिश्रा, बबलू सिंह, दीपक, के. वीरेंद्र पी. सिंह, तरुण दुबे, सुबोध, दीपक तिवारी, राहुल, दुलाल, स्वरूप, किसिला देवी, सोनी देवी, चंदन, सोमू और गीता देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।




