रांची/गढ़वा: रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर युवक अंकित कुमार सिंह की कार से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। गढ़वा पुलिस ने रांची के लालपुर थाना पुलिस के सहयोग से सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की, जिसमें स्पष्ट रूप से सामने आया है कि अंकित सिंह को कुचलकर मौत के घाट उतारने वाला कार चालक रोशन गुप्ता ही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रोशन गुप्ता गढ़वा जिले का निवासी है। उसने अपनी कार संख्या JH 01 GD 2216 से अंकित कुमार सिंह को कुचल दिया था। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद होने के बाद आरोपी की पहचान पुख्ता हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच और तेज कर दी है।
गौरतलब है कि यह सनसनीखेज घटना रविवार रात रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर हुई थी। मृतक की पहचान गढ़वा जिले के हरिगांवा गांव निवासी अरुण सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है। मामले में सोमवार को मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह ने गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गढ़वा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और संबंधित दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए लालपुर थाना, रांची भेज दिए थे।
प्राथमिकी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजे अंकित और उसके दोस्तों के साथ मून डिस्को बार गए थे। रात लगभग 12 बजे बाहर निकलने के दौरान दूसरे समूह के लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान सड़क पर खड़ी सफेद रंग की कार से अंकित और उसके दोस्तों को टक्कर मारी गई। इस घटना में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी आकाश कुमार भी जख्मी हुआ।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दोबारा कार से अंकित को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल अंकित को सदर अस्पताल, रांची ले जाया गया, जहां से उसे रिम्स रेफर किया गया। रिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दोस्तों अर्णव और सेजल ने पहले ही रमनदीप सिंह, रोशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान और चार-पांच अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया था। अब सीसीटीवी फुटेज में कार चालक रोशन गुप्ता की स्पष्ट भूमिका सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।
फिलहाल गढ़वा और रांची पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।











