
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले की जांच कर रही CID की SIT ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम ने पटना निवासी राजन कुमार को पकड़ा है। उस पर परीक्षा से जुड़े मामले में बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों और कुछ अभ्यर्थियों से पूछताछ के दौरान राजन कुमार का नाम सामने आया था। इसके बाद CID की SIT ने उसकी भूमिका को लेकर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजन की गतिविधियों को खंगाला गया।
जांच आगे बढ़ने पर SIT को राजन कुमार के मामले से जुड़े होने के अहम सुराग मिले। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद CID अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं।
राजन कुमार से पूछताछ में JSSC-CGL परीक्षा अनियमितता मामले से जुड़े अन्य आरोपियों, अभ्यर्थियों और कथित नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।





