AUS vs ZIM: जिम्बाब्वे ने वर्ल्ड कप में किया बड़ा उलटफेर, ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल
AUS vs ZIM: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने क्रिकेट जगत को हैरान करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हरा दिया। टी20 विश्व कप इतिहास में यह दूसरी बार है जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी है। इससे पहले 2007 में भी जिम्बाब्वे ने कंगारू टीम को रोमांचक मुकाबले में हराया था।
ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान ट्रेविस हेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, लेकिन यह फैसला महंगा साबित हुआ। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 64 रन की शानदार पारी खेली। तादिवानाशे मारुमानी ने 35 रन और रयान बर्ल ने भी 35 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंतिम ओवरों में सिकंदर रजा ने 13 गेंदों में ताबड़तोड़ 25 रन बनाए। पूरे इनिंग में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों पर दबाव बनाए रखा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन ग्रीन और मार्कस स्टोइनिस को एक-एक विकेट मिला।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 29 रन तक चार विकेट गिर गए। इसके बाद टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी और 19.3 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। मैट रेनशॉ ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन और ट्रेविस हेड 17 रन बनाकर आउट हुए। जिम्बाब्वे की गेंदबाज़ी पूरी तरह हावी रही।
ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट हासिल किए। ब्रैड इवांस को 3 विकेट और वेलिंगटन मसाकाद्जा को रयान बर्ल एक-एक विकेट मिला।
यह जीत जिम्बाब्वे के लिए बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने टूर्नामेंट की मजबूत दावेदार ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया है। इस जीत से न केवल जिम्बाब्वे का नेट रन रेट बेहतर हुआ है, बल्कि ग्रुप की समीकरण भी पूरी तरह बदल गई है।
