जमशेदपुरझारखंडदुमकापलामूरांची

धनबाद जेल कांड पर बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर तीखा हमलाः कहा- शासन की पोल-पट्टी सब खोलकर रख दी

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता न्यूज

दुमका/डेस्क :— झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है. मंगलवार को दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री रहते इस राज्य की जनता अपने को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती. पुलिस का काम अपराधियों को पकड़ना और उसे सजा दिलाना, लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त रखना है. लेकिन यहां हेमंत सरकार ने तो पुलिस को वसूली में लगा दिया है तो वह अपना काम कैसे कर पाएंगे. धनबाद जेल कांड ने सरकार के कानून व्यवस्था की पोल पट्टी खोलकर रख दी है.

दुमका में बाबूलाल मरांडी ने धनबाद जेल में अमन सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में कहा कि इस घटना ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जेल के वरीय अधिकारी मिले हुए हैं, बिना उनकी मिलीभगत के पिस्टल जेल के अंदर जा ही नहीं सकता. उन्होंने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था को पर तो वे लगातार सवाल खड़ा करते हैं हैं, इस घटना से उसमें एक कड़ी और जुड़ गयी है.

  • संथाल परगना नहीं है झामुमो का गढ़

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संथाल परगना झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ नहीं है. वर्तमान में तीन लोकसभा सीट में दो दुमका और गोड्डा भाजपा के पास हैं जबकि एक राजमहल सीट पर पहले भारतीय जनता पार्टी ने कई बार जीत दर्ज की है, ऐसे में इसे झामुमो का गढ़ कहना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि संथाल की दो-तीन विधानसभा सीट को छोड़ दें तो लगभग यहां के सभी विधानसभा सीट पर भी भाजपा जीतती आ रही है. आगामी 2024 के चुनाव में हम लोग काफी मेहनत करेंगे, जिसका बेहतर परिणाम सामने आएगा.

  • सरकार आपके द्वार कार्यक्रम पर सवाल

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन की सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की स्थिति काफी खराब है. हाल ही में जब वहां मलेरिया से पहाड़िया और संथाल समाज के कई लोगों की मौत हुई तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को वहां अपने उड़नखटोले से पहुंचना चाहिए था पर वे नहीं पहुंचे. हम जब वहां गए तो देखा कि विकास का नामोनिशान नहीं है. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन के पास अपने चार साल के कार्यकाल में कोई भी विकास का कार्य नहीं किया है. जब उनके विधानसभा क्षेत्र की स्थिति खराब है तो पूरे राज्य की स्थिति का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है.

Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।