श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) :– नगर उंटारी प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास कुमार ने शुक्रवार को जंगीपुर उरांव टोला स्थित पीडीएस दुकान की जांच की। जांच के दौरान डीलर बबलू उरांव के द्वारा लाभुकों को कम राशन दिये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये डीलर को कड़ी फटकार लगाई तथा चार दिनों के अंदर पूरा राशन वितरण करने का निर्देश दिया। जानकारी के मुताबिक जंगीपुर उरांव टोला के लाभुकों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ से डीलर बबलू उरांव के द्वारा तीन माह से आधा राशन दिये जाने की शिकायत की थी। शिकायत के आलोक में बीडीओ ने तत्काल दुकान पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान लाभुकों की शिकायत सही साबित होने पर डीलर को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही अपनी मौजूदगी में लाभुकों के बीच तौल कर राशन का वितरण कराया। उन्होंने डीलर को चार दिनों के भीतर शेष बचे अनाज को वितरित करने का कड़ा निर्देश दिया। साथ उन्होंने डीलर को अगली बार शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।