नागौर: राजस्थान के नागौर जिले से गणतंत्र दिवस से ठीक पहले एक बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई को संभावित बड़े खतरे को टालने के तौर पर देखा जा रहा है।
शनिवार रात नागौर जिले के हरसौर गांव में पुलिस ने एक खेत में छापेमारी कर 187 कट्टों में भरा करीब 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया। यह विस्फोटक सामग्री खेत में छिपाकर रखी गई थी। मौके से थांवला थाना पुलिस ने सुलेमान खान (50 वर्ष) नामक एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी सुलेमान खान के खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वह लंबे समय से वैध और अवैध खनन करने वालों को विस्फोटक सामग्री की सप्लाई करता आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि यह सामग्री अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल की जानी थी।
छापेमारी के दौरान अमोनियम नाइट्रेट के अलावा पुलिस ने मौके से 9 कार्टून डेटोनेटर, नीली और लाल फ्यूज वायर के 27 कार्टून,
और 20 बंडल अन्य विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है। सभी विस्फोटकों को सुरक्षा मानकों के तहत सुरक्षित तरीके से सीज कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने इसकी सूचना केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी दे दी है। संभावना है कि जल्द ही केंद्रीय एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ करेंगी और यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि इस विस्फोटक सामग्री का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि अमोनियम नाइट्रेट पहले भी कई बड़े आतंकी और आपराधिक मामलों में इस्तेमाल हो चुका है। 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण विस्फोट में भी इसी रसायन के इस्तेमाल की पुष्टि हुई थी, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, उससे एक दिन पहले 9 नवंबर को आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी कार्रवाई में करीब 3 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया था।
ऐसे में नागौर से इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक की बरामदगी ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। गणतंत्र दिवस से पहले की गई यह कार्रवाई सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।














