राजस्थान

राजस्थान के कोटा में बड़ा हादसा, बहुमंजिला इमारत गिरी, 2 की मौत; 13 घायल

कोटा: राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। तलवंडी इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट की बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ, जब इलाके में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक मलबे से 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

पलक झपकते जमींदोज हुई इमारत


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत ऊपर से नीचे की ओर पूरी तरह ढह गई। इतनी तेजी से ढांचा गिरा कि वहां काम कर रहे मजदूरों और आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

ड्रिलिंग कार्य को लेकर पहले से था विवाद

स्थानीय निवासियों ने इस हादसे के पीछे गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि इमारत में पिछले कुछ दिनों से ड्रिलिंग और निर्माण से जुड़ा काम चल रहा था, जिस पर पहले भी आपत्ति जताई गई थी। बावजूद इसके, काम नहीं रोका गया।

संभागीय आयुक्त ने प्रारंभिक जांच के बाद संकेत दिए हैं कि निर्माण सामग्री की खराब गुणवत्ता या किसी तकनीकी खामी के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरतासे लेते हुए इमारत की निर्माण प्रक्रिया और नक्शे की तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित बिल्डर, ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और मलबा हटाने का काम सावधानीपूर्वक किया जा रहा है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *