
पलामू: जिले में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में बुधवार सुबह कोयल नदी में पांच युवक डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अभी भी लापता है। लापता युवक की तलाश में ग्रामीण और पुलिस की टीम जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पतरिया गांव के पांच युवक करमा पूजा की सामग्री का विसर्जन करने के लिए कोयल नदी में उतरे थे। इसी दौरान वे नदी की तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पांचों डूबने लगे। युवकों को डूबता देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और नदी में उनकी तलाश शुरू की।
चार युवकों के शव बरामद
ग्रामीणों की तलाश के दौरान चार युवकों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। चारों युवक पतरिया गांव के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। शवों को अस्पताल भेज दिया गया है, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
वहीं, पांचवें युवक का अभी तक पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस भी जुटी हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
तेज धार की चपेट में आए युवक
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां कोयल नदी की धारा काफी तेज है। माना जा रहा है कि विसर्जन के दौरान पांचों युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और संभल नहीं सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में चार युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक लापता है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रही है और लापता युवक की तलाश जारी है।




