हरियाणा

गुरुग्राम में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन सोसायटी की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर घायल

ख़बर को शेयर करें

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सोमवार शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली इलाके में मजदूर एक निर्माणाधीन हाउसिंग सोसायटी की साइट पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक दीवार गिर गई। इस हादसे में सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए भिवाड़ी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम सीमा के पास सिधरावली में ओल्ड राव होटल के नजदीक स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी का निर्माण कार्य चल रहा था। इस काम में करीब 25 से अधिक मजदूर लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम मजदूर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई, जिसकी वजह से वे मलबे और दीवार की मिट्टी में बुरी तरह दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ मजदूर समय रहते वहां से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई मजदूर मलबे के नीचे फंस गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू टीमों ने मलबे से कुल 12 मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत भिवाड़ी के जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सात मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच अन्य मजदूरों का इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों में से कुछ मजदूरों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन की ओर से उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।