
खूंटी;झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को खूंटी जिले में बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को अहतु थाना की प्रभारी सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, हुरलूंग गांव के निवासी श्याम कुमार के खिलाफ वर्ष 2025 में एक आपराधिक मामला दर्ज हुआ था। श्याम कुमार का आरोप है कि मामले में राहत दिलाने और उन्हें निर्दोष बताने के बदले थाना प्रभारी ने 4.50 लाख रुपये की मांग की थी। बातचीत के दौरान पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।
इसके बाद श्याम कुमार ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एक विशेष टीम ने जाल बिछाया।
योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता ने तय स्थान पर थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये सौंपे। जैसे ही रिश्वत की रकम स्वीकार की गई, पहले से मौजूद एसीबी अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सपना सुलेखा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की एक अहम सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



