
जमशेदपुर। टाटा स्टील के जनरल ऑफिस स्थित बोर्ड रूम में गुरुवार को टिनप्लेट डिवीजन के कर्मचारियों के बोनस को लेकर प्रबंधन और टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए हुए इस बोनस समझौते के तहत डिवीजन के 843 कर्मचारियों को कुल 4.36 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
समझौते के अनुसार कर्मचारियों को बोनस के तौर पर अधिकतम 86,350 रुपये और न्यूनतम 32,831 रुपये मिलेंगे। बोनस की राशि 11 सितंबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
प्रबंधन और यूनियन के बीच बनी सहमति
बोनस समझौते के बाद टाटा स्टील की चीफ पीपल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल ने इसे प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल और विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के समझौते कंपनी में सकारात्मक औद्योगिक माहौल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दूसरी ओर, टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने टिनप्लेट डिवीजन की तरक्की और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कंपनी के बेहतर भविष्य और प्रबंधन-यूनियन के बीच मजबूत संबंधों की उम्मीद जताई।
ये अधिकारी रहे मौजूद
समझौते पर प्रबंधन की ओर से सीपीओ अत्रेयी सान्याल, सीएचआरओ (इंडिया मैन्युफैक्चरिंग) जुबिन पालिया, चीफ आईआर, लीगल एंड सीडब्ल्यूएम राहुल दुबे, टिनप्लेट चीफ अजय कुमार झा, एचआरबीपी चीफ सोनम रंजन, हेड एचआरबीपी दीपक वर्गीस, फाइनेंस चीफ आशीष चौधरी और सीनियर एरिया मैनेजर ईआर गुरप्रीत सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।
यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव मनोज सिंह, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईबाबू राजू, वकील खान, जगजीत सिंह, सह सचिव संजय कुमार, विनय साहू, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्रा, कोषाध्यक्ष संग्राम किशोर दास और सह कोषाध्यक्ष सूर्या भूषण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बोनस समझौते के बाद टिनप्लेट कर्मचारियों में उत्साह है। 11 सितंबर को बैंक खातों में राशि पहुंचने से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।





