पलामू:- लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद प्रदेश में सरगर्मी तेज होती जा रही है। सभी राजनैतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। पलामू लोकसभा सीट से तीसरी बार भी भाजपा ने विष्णु दयाल राम पर ही विश्वास जताया है। लेकिन सांसद बीडी राम के खिलाफ बीजेपी के अंदर उबाल की खबरें हैं। स्थानीय नेता उनके खिलाफ मुखर होकर बयान देते हुए नजर आ रहे हैं और पार्टी के अंदर ही कई गुट बन गए हैं। जिसका असर अब दिखने लगा है। कद्दावर नेत्री, ममता भुइयां ने पार्टी के खिलाफ बगावत कर राजद का दामन थाम लिया। ममता भुइयां ने रविवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और महासचिव मीसा भारती की मौजूदगी में राजद ज्वाइन कर लिया।
उनका राजद से पलामू संसदीय सीट पर इंडी गठबंधन का उम्मीदवार होना लगभग तय माना जा रहा है। राजद के जिलाध्यक्ष मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि ममता भुइयां पलामू सीट से न सिर्फ राजद उम्मीदवार होंगी बल्कि भारी बहुमत से जीत भी दर्ज करेंगी। इस बड़े राजनीतिक उथल-पुथल से इस बार पलामू में रोचक संघर्ष की प्रबल संभावना जताई जा रही है।