
पुलिस के खुलासे से मचा हड़कंप,15.33 ग्राम सोना और नकदी बरामद
आकाश लोहार
गढ़वा
अपराध की दुनिया में वारदातें भले अलग अलग जगहों पर हुई हों,लेकिन जब पुलिस ने एक एक कड़ी जोड़नी शुरू की तो कहानी गढ़वा से निकलकर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक जा पहुंची,गढ़वा में लूटी गई मोटरसाइकिल,मध्य प्रदेश में ज्वेलरी शॉप पर डकैती और फिर उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़,घटनाओं की यह पूरी कड़ी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई,रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र से मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं की जांच कर रही पुलिस को जब इन वारदातों के पीछे सक्रिय गिरोह का सुराग मिला तो जांच का दायरा लगातार बढ़ता गया,तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ी पुलिस जांच में ऐसे तथ्य सामने आए,जिसने पूरे मामले को कई राज्यों से जोड़ दिया,मामले का खुलासा श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया,पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,जबकि एक आरोपी उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है,वहीं तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गढ़वा में बाइक लूट से शुरू हुई कहानी :- पुलिस के अनुसार,अपराधियों ने पहले गढ़वा जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल लूट की वारदात को अंजाम दिया,रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई घटनाओं के बाद पुलिस को आशंका हुई कि इन अपराधियों का मकसद केवल बाइक चोरी या लूट तक सीमित नहीं है और वे किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं,इसके बाद जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट किया गया। विशेष टीम गठित कर अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और तकनीकी तथा मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
लूटी गई बाइक ने खोल दिया अपराध का रास्ता :- जांच के दौरान पुलिस के सामने जो तस्वीर आई,उसके मुताबिक तीन अपराधी RONIN मोटरसाइकिल से गढ़वा मझिआंव मोड़ और कांडी होते हुए हरिहरपुर ओपी क्षेत्र पहुंचे थे,हरिहरपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल लूटने के बाद अपराधी अलग अलग रास्तों से निकल गए,पुलिस के मुताबिक,दो अपराधी RONIN बाइक से भवनाथपुर होते हुए श्री बंशीधर नगर की ओर निकले,जबकि एक अपराधी लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल लेकर झगराखांड़ खरौंधी की तरफ चला गया,यहीं से इस पूरी कहानी की अगली कड़ी मध्य प्रदेश से जुड़ती है।
18 सितंबर को MP में ज्वेलरी शॉप पर डकैती :- पुलिस के अनुसार,18 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में डकैती की घटना हुई,इस वारदात में दो सफेद अपाचे मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल की बात सामने आई,डकैती के बाद अपराधियों के भागने के दौरान उत्तर प्रदेश के अनपारा थाना क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ हुई,इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया और उसे इलाज के लिए रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया,यहीं से गढ़वा पुलिस को उस कड़ी का सुराग मिला,जिसकी तलाश वह बाइक लूट के बाद से कर रही थी।
अस्पताल में पूछताछ से खुलता गया पूरा राज :- घायल आरोपी से पूछताछ के लिए गढ़वा पुलिस की टीम रॉबर्ट्सगंज अस्पताल पहुंची,पुलिस के अनुसार,पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रौशन कुमार,पिता विजय राम,ग्राम चिल्काटांड़,थाना शक्तिनगर,जिला सोनभद्र बताया,पुलिस का कहना है कि रौशन कुमार का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है,वह श्री बंशीधर नगर में राधाकृष्ण ज्वेलर्स के मालिक को गोली मारकर लूटने के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था,पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक रौशन ने रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई बाइक लूट में अपनी संलिप्तता बताई,साथ ही उसने कथित तौर पर सोनू उर्फ शाबीर अंसारी और शमशाद अंसारी के भी इस वारदात में शामिल होने की जानकारी दी।
निशानदेही पर बाइक,सोना और नकदी बरामद :- रौशन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 सितंबर को सोनू उर्फ शाबीर अंसारी,उम्र करीब 29 वर्ष,को गिरफ्तार किया,पुलिस के अनुसार,पूछताछ में सोनू ने भी बाइक लूट और मध्य प्रदेश के कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की,उसकी निशानदेही पर शमशाद अंसारी के ससुराल ग्राम नयाखांड़ जाने वाले रास्ते से पुलिस ने,RONIN मोटरसाइकिल,15.33 ग्राम सोना,3,500 रुपये नकद,बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक,तीन और बड़ी वारदातों की थी तैयारी :- मामले की जांच के दौरान पुलिस के अनुसार एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई,पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनकी नजर सिर्फ बाइक लूट और मध्य प्रदेश की ज्वेलरी शॉप तक सीमित नहीं थी,पुलिस के मुताबिक,आरोपियों की योजना रमना थाना क्षेत्र के एक सोना व्यवसायी,गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र को निशाना बनाने की थी,हालांकि,पुलिस की बढ़ी हुई सतर्कता के कारण इन स्थानों पर वारदात को अंजाम देने की योजना छोड़ दी गई,इसके बाद अपराधियों ने मध्य प्रदेश के विन्ध्यनगर और उत्तर प्रदेश के अनपारा क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम दिया।
एक गिरफ्तार,एक घायल,तीसरा अब भी फरार :- पूरे मामले में फिलहाल सोनू उर्फ शाबीर अंसारी गिरफ्तार है,वहीं रौशन कुमार उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है और पुलिस उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है,तीसरे आरोपी शमशाद अंसारी की तलाश जारी है,उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है,पुलिस के अनुसार,जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं,ऐसे में आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़ी और वारदातों तथा आरोपियों के नाम सामने आने की संभावना है।
कई राज्यों से जुड़ा है आपराधिक नेटवर्क :- पुलिस के मुताबिक,आरोपियों का आपराधिक इतिहास सिर्फ गढ़वा तक सीमित नहीं है,इसके तार झारखंड,उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक जुड़े हुए पाए गए हैं,रौशन कुमार के खिलाफ गढ़वा,शक्तिनगर,श्री बंशीधर नगर,विन्ध्यनगर और अनपारा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
कई पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने निभाई अहम भूमिका :- पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह,पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह,पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद,हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम,खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन गौतम,विशुनपुरा थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्या और श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी अविनाश राज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे,मध्य प्रदेश के विन्ध्यनगर थाना पुलिस का भी इस कार्रवाई में सहयोग रहा।
गढ़वा से निकली कड़ी ने पहुंचाया तीन राज्यों तक :- फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है,एक आरोपी की गिरफ्तारी,दूसरे के मुठभेड़ में घायल होने और तीसरे की तलाश के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह गिरोह अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है और इसके पीछे कितने लोग सक्रिय हैं,गढ़वा में बाइक लूट से शुरू हुई जांच ने जब मध्य प्रदेश की ज्वेलरी शॉप डकैती और उत्तर प्रदेश की मुठभेड़ तक का रास्ता तय किया,तो यह साफ हो गया कि मामला महज बाइक लूट का नहीं,बल्कि एक ऐसे आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल का है,जिसकी कड़ियां कई राज्यों तक फैली हुई बताई जा रही हैं,अब पुलिस की आगे की जांच पर टिकी निगाहें हैं,क्योंकि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अगर और राज खुले,तो इस नेटवर्क से जुड़ी कई पुरानी वारदातों का भी पर्दाफाश हो सकता है।




