
अजीत कुमार रंजन
बिशुनपुरा (गढ़वा): बिशुनपुरा प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को मनरेगा संघ के निर्देशानुसार संघ के पुनर्गठन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वर्तमान संघ अध्यक्ष राजीव कुमार ने की।
बैठक में प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यवाही के दौरान सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें अध्यक्ष पद के लिए सहायक अभियंता चिन्मय दुबे को चुना गया। सचिव पद की जिम्मेदारी पुनः ग्राम रोजगार सेवक राजीव कुमार को सौंपी गई, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए नागवंत प्रजापति का चयन हुआ।
इसके अलावा संघ के सदस्य पद पर बीपीओ डिम्पल गुप्ता, सहायक अभियंता रणधीर गुप्ता, उदय कुमार और चंद्रकांत कुमार को नामित किया गया। इस चयन प्रक्रिया में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन व्यक्त किया।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष चिन्मय दुबे ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना ग्रामीण विकास की रीढ़ है और इसके सफल क्रियान्वयन में संघ सक्रिय भूमिका निभाएगा।
वहीं, सचिव राजीव कुमार ने संघ के कार्यों को पारदर्शी ढंग से संचालित करने का संकल्प दोहराया। कोषाध्यक्ष नागवंत प्रजापति ने कहा कि संघ की वित्तीय व्यवस्था को मजबूत और सुव्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही बैठक की कार्यवाही सम्पन्न हो गई।


