चाईबासा:भारतीय जनता पार्टी चाईबासा नगर द्वारा आज छोटा नीमडीह में भारत माता के सच्चे सपूत, एक राष्ट्र-एक विधान के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अगुवाई नगर अध्यक्ष पवन शर्मा ने की।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर डॉ. मुखर्जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके विचारों और राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने का प्रतीक है।
नगर अध्यक्ष पवन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कश्मीर में एक देश, एक विधान और एक निशान के लिए आंदोलन चलाया और उसी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हम सभी कार्यकर्ताओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके बताए राष्ट्रवादी मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।