
![]()
धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत सोरीटांड़-कौशलपुरम में हुए सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप, पत्थर, मोटरसाइकिल समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किये गये हैं. ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि 23 जुलाई की शाम झाड़ियों में एक शव मिलने की सूचना मिली. पुलिस ने पाया कि मृतक के सिर और चेहरे को बेरहमी से पत्थरों से कुचला गया था. घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की टाटा नेक्सन कार भी बरामद हुई. मृतक की पहचान बरवाड़ा निवासी 57 वर्षीय बीसीसीएल कर्मी जयराम मांझी के रूप में की गई, जिसके बाद उनकी पत्नी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई. तकनीकी साक्ष्य से मिली सफलता : मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. बाघमारा एसडीपीओ अजीत विमल के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी करते हुए तेतुलमारी के खास सिजुआ निवासी कुंदन कुमार और प्रेम चौहान उर्फ पुष्पा को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, बाइक, मृतक का मोबाइल, सिम, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज समेत आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए। पुलिस ने कहा कि इस पूरे मामले में तकनीकी सबूत और लगातार निगरानी अहम साबित हुई. ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी हत्या की वजह. पुलिस जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी कुंदन कुमार ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. इसी दौरान उसकी दोस्ती जयराम मांझी से हो गयी और उसकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसने साजिश रची. कुंदन ने अपने साथी प्रेम चौहान के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया. लेकिन घटना के बाद भी वे दोनों मृतक के खाते से पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है, वहीं इस त्वरित खुलासे में एसआईटी की भूमिका अहम मानी जा रही है.
Source link




