पाकुड़: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तलवाडांगा गांव में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। रंग और खुशियों के इस पर्व पर 40 वर्षीय देवराज सरकार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के समय उनका पिता लोगों से बेटे की जान बख्श देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों ने एक न सुनी।
जानकारी के अनुसार, देवराज सरकार बुधवार को दोपहर करीब 4 बजे दोस्तों के साथ होली मनाकर घर लौटे थे। तभी 8-10 लोगों का एक समूह उनके घर के पास पहुंचा। पहले गाली-गलौज हुई, फिर विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने देवराज पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। उनके सीने और पीठ पर कई वार किए गए, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल देवराज को अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों का कहना है कि शरीर पर चाकू के गहरे घाव के साथ गोली लगने के भी संकेत मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
ग्रामीणों के मुताबिक, देवराज का कुछ लोगों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हो चुकी थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतनी भयावह दिशा ले लेगा।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।














