

बोकारो : पेटरवार थाना क्षेत्र से चार माह से लापता 20 वर्षीय युवक का कंकाल जंगल से बरामद होने की खबर है। मृतक की पहचान उसके कपड़े और हाथ में बंधे मौली धागे के आधार पर की जा रही है। उसके लापता होने के संदर्भ में परिजनों ने इलाके के विधायक और झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के अलावा जिले के आला पुलिस अफसरों से उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी।
युवक का नाम दीपक कुमार बताया जा रहा है जो पेटरवार थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है और उसका कंकाल पास के ही बगजोबरा जंगल से बरामद किया गया।
पुलिस ने कंकाल को बरामद कर मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि दीपक मूल रूप से हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अचलजामो गांव का रहने वाला था और पिछले दो-तीन वर्षों से वह पेटरवार थाना क्षेत्र के बगजोबरा स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 11 दिसंबर को अचानक लापता हो गया था।
परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसे लेकर पेटरवार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। सोमवार को बगजोबरा गांव के कुछ लोग जब जंगल गए तो उन्होंने झाड़ी के पास एक कंकाल देखा। इसकी जानकारी उन्होंने ग्रामीणों को दी। इसके बाद दीपक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
संबंधित समाचार
Pratap Singh
November 4, 2026




