---Advertisement---

खेलो इंडिया प्रतियोगिता में एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर थाना प्रभारी ने किया सम्मानित

On: May 13, 2026 9:36 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

मेराल(गढ़वा)। बंका रोड स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन विद्यालय की छात्राओं ने खेलो इंडिया विमेंस बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 27 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने दो सिल्वर एवं एक ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया

कार्यक्रम में थाना प्रभारी विष्णुकांत ने सिल्वर मेडल विजेता करुणा निधि एवं अर्पणा कुमारी तथा ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सृष्टि कुमारी को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने बच्चों को नैतिकता, आत्मबल और कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

थाना प्रभारी ने कहा कि सफलता की असली नींव आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों पर टिकी होती है। बच्चों को हमेशा अपने माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये बच्चे आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने खेल सुविधाओं के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया तथा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं झामुमो जिला युवा सचिव अतहर अली ने बच्चों को अनुशासन और बड़ों की बातों का सम्मान करने की सीख दी।

खेल प्रशिक्षक रामप्रवेश तिवारी ने विद्यालय में संचालित खेल गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय के बच्चों ने रांची में आयोजित पंच सिल्ट प्रतियोगिता में 34 गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया था। गतका प्रतियोगिता में भी बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है तथा खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुखिया राम सागर महतो, सुरेंद्र गोस्वामी, विवेकानंद चौबे, अरुण चौबे, पंकज कुमार पासवान, संजय ठाकुर, राहुल कुमार, संजय गुप्ता, प्रदीप कुमार, पंकज चौधरी, पूजा कुमारी, खुशबू, नेहा कुमारी सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now